महिला प्रत्याशी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिलनगर। बीते चार मई को संपन्न हुए नगर निकाय चुनाव में मतदान के बाद नगर पंचायत फाजिलनगर के वार्ड संख्या-तीन से सभासद पद की महिला प्रत्याशी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायती पत्र दिया है।
उन्होंने वार्ड के बूथ संख्या-चार पर पीठासीन अधिकारी की तरफ से अपमार्जित मतों को पोल कराने का आरोप लगाते हुए जांच कराकर पुन: मतदान कराए जाने की मांग की है।
पांच मई को जिला निर्वाचन अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में नगर पंचायत फाजिलनगर के वार्ड संख्या-तीन से सभासद पद की प्रत्याशी निधि सिंह ने आरोप लगाया कि उस मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी अपमार्जित सूची में दर्ज लोगों का मतदान कराने लगे थे। इसकी जानकारी वहां मौजूद मतदान अभिकर्ताओं ने दी। इसकी जानकारी दूरभाष पर उन्होंने एसडीएम कसया को दी।
इसके बाद उनके निर्देश पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट ने सबको आश्वस्त किया कि इसकी जांच करने के बाद ही मतपेटी सील होगी, लेकिन छह बजे मतदान अभिकर्ताओं ने सील प्रपत्र पर बिना हस्ताक्षर कराए ही मतपेटिका सील कर जमा कराने पहुंच गए।
शाम को जब वह इस संबंध में एसडीएम कसया से से मिलकर शिकायत कीं तो उनके साथ वहां मौजूद अन्य अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि अपमार्जित मतों को छांटकर ही मतगणना कराई जाएगी। उन्होंने आशंका जताई कि चुनाव अधिकारी अपमार्जित मतों को पोल करा सकते हैं और बिना कोरमपूर्ति के मतपेटी को सीलकर अपने साथ ले गए हैं। वह रास्ते में पुन: मतपेटी खोलकर मतपत्रों में हेराफेरी कर पुन: सील कर दिए होंगे। ऐसे में उस मतदान केंद्र पर दोबारा मतदान कराया जाए।
इस संबंध में जोनल मजिस्ट्रेट अजय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ लोगों की शिकायत पर वह स्वयं बूथ पर पहुंचकर बक्से को सील कराए थे। इस तरह के आरोप बेबुनियाद हैं।