ग्रामीणों ने लगाया विद्यालय का बर्तन चोरी करने का आरोप
फाजिलनगर विकास खण्ड के जूनियर विद्यालय लवकुश पूरब पट्टी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। तुर्कपट्टी क्षेत्र के लवकुश पूरब पट्टी के ग्राम प्रधान की अगुवाई में गांव के लोगों ने फाजिलनगर बीईओ को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें गांव के जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक पर एमडीएम का बर्तन चोरी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान प्रहलाद कुशवाहा की अगुवाई में फाजिलनगर बीईओ को दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि गांव के जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक बीते 20 अगस्त को विद्यालय में रखा एमडीएम बनाने का बर्तन को टेंपो में लदवाकर कहीं ले जा रहे थे। लोगों ने विरोध किया तो विवाद पर उतारू हो गए। आरोप है कि इसके पूर्व भी वह विद्यालय के कई सामान ले जाते देखे गए हैं।
इस संबंध में प्रधानाध्यापक इब्राहिम अंसारी ने बताया कि रसोइयों ने शिकायत की थी कि बर्तन पुराना हो गया है। इसके चलते उसे बदल कर नया बर्तन लाने के लिये टेंपो से भेजा गया था। इस संबंध में बीइओ देवमुनि वर्मा ने बताया कि यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिली है तो उसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।