संवाद न्यूज एजेंसी
समउर बाजार। पटहेरवा इलाके के एक गांव में पिता पर बेचने का आरोप लगाने वाली बेटियों ने आरोप लगाया है कि नूह में उन्हें बंधक बनाकर शारीरिक और मानसिक शोषण किया जाता रहा। दोनों किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर घर पहुंचीं।
पटहेरवा थानाक्षेत्र के एक गांव के रहने वाले शख्स ने बड़ी बेटी को दो साल पहले दलाल के जरिये हरियाणा के नूह जिले के बाई गांव में एक व्यक्ति के हाथों बेच दिया था। पड़ोसियों और ग्रामीणों को बताया था कि बेटी की दूसरे प्रदेश में शादी कर दी है। दो माह पहले छोटी बेटी को भी नूह जिले के उसी व्यक्ति के हाथों बेच दिया। दो दिन पहले दोनों बहनें नूंह से किसी तरह भागकर घर पहुंची और मां को पूरी कहानी बताई। पिता की शर्मनाक करतूत की जानकारी होने के बाद जानकारी होने मां के पांव तले से जमीन खिसक गई। परिवार के सदस्यों के साथ दोनों बहनें पटहेरवा थाने पहुंची और पिता पर बिना कुछ बताए अनजान व्यक्ति के हाथों बेचने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मानव तस्करी का केस दर्ज किया है।
पीड़ित बहनों का आरोप है कि नूह के बाई गांव में बंधकर बनाकर उनका शारीरिक और मानसिक शोषण किया जा रहा था। पटहेरवा थानाध्यक्ष राकेश रोशन ने बताया कि दोनों बहनों को हरियाणा के नूह जिले में बेचा गया था। दोनों वहां से भागकर घर पहुंचीं। केस दर्ज कर पिता की तलाश की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धारा में बढ़ोतरी की जाएगी।
00
पिता के गिरफ्तारी के बाद हो सकता है बड़ा खुलासा
पुलिस टीम आरोपी पिता की तलाश में जुटी है। उसे शिकंजे में लेने के बाद पुलिस इस खरीद-फरोख्त की मध्यस्थता करने वाले दलाल तक पहुंच सकेगी। सूत्रों के मुताबिक दलाल के पकड़े जाने के बाद ऐसे और मामले सामने आ सकते हैं। मुमकिन है कि बेटियों की खरीद-फरोख्त कराने वाले मानव तस्करों का रैकेट आसपास के जिलों में भी सक्रिय है। पटहेरवा क्षेत्र के आरोपी पिता की गिरफ्तारी के बाद अगर दलाल पकड़ा गया तो बड़े रैकेट का खुलासा हो सकता है।