संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के डूभा गांव निवासी एक महिला ने एक युवक पर बीस हजार रुपये छीनने और बेल्ट से गला दबाकर मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने तमकुहीराज पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
डूभा गांव निवासी मालती देवी ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि बीते मंगलवार को तमकुहीराज दवा कराने पैदल निकली थी। रास्ते में गांव का ही एक युवक मिला। वह बाइक से तमकुहीराज जा रहा था। बाइक सवार युवक ने उन्हें तमकुहीराज छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया।
इसके बाद युवक उन्हें पगडंडी के रास्ते ले जाकर एक सुनसान जगह पर पर्स में रखे बीस हजार रुपये को छीनने लगा। विरोध करने पर युवक बेल्ट से गला कसकर जान से मारने का प्रयास करने लगा। शोर मचाने के बाद युवक मौके से भाग गया।
इस संबंध में क्राइम इंस्पेक्टर तमकुहीराज अरविंद यादव ने बताया कि घटना दो दिन पूर्व की है। तहरीर मिली है छानबीन की जा रही है।