तमकुहीराज। तहसील के राजस्व न्यायालय के अधिवक्ताओं ने सोमवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं का आरोप है कि जाली नोट व अन्य गैरकानूनी सामान के साथ आरोपियों में शामिल किए गए एक आरोपी अधिवक्ता को पुलिस ने झूठे मुकदमे में फंसाया है।
अधिवक्ताओं ने बताया कि तमकुहीराज राजस्व न्यायालय में कार्य करने वाले नगर पंचायत के हरिहरपुर धुसी टोला निवासी अधिवक्ता हारून अली खां का पुत्र हासिम खां भी पेशे से वकील हैं। आरोप है कि 21 सितंबर की रात नौ बजे फाजिलनगर से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान तमकुहीराज पुलिस ने बाइक समेत उन्हें हिरासत में लेकर थाने चली गई। जानकारी के बाद परिजन थाने पहुंचे तो पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ने का हवाला दिया। 23 सितंबर को बार संघ तमकुहीराज के अधिवक्ताओं का प्रतिनिधि मंडल थाने पहुंचा तो पुलिस ने पूछताछ के बाद हासिम को छोड़ने का आश्वासन दिया था, लेकिन कुछ देर बाद पुलिस ने उन्हें जाली नोट व अन्य गैर कानूनी सामान के साथ जेल भेज दिया। जबकि आरोपी बनाए गए अधिवक्ता मामले में पूरी तरह निर्दोष हैं। उनकी बाइक भी थाने पर मौजूद है। अधिवक्ताओं ने मामले की जांच कराने की मांग की है।