कटेया थाने के सामने हंगामा करते सैकड़ों ग्रामीण।
- बिहार के कटेया थाना की घटना
- तमकुहीराज के लक्ष्मीपुर बुजुर्ग का निवासी युवक की हवालात में पिटाई से मौत होने का आरोप
- पुलिस बोली हादसे में घायल होने से हुई थी मौत
गंगुआ बाजार। लक्ष्मीपुर बुजुर्ग गांव के पंकज कुशवाहा (28) बिहार अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। उसे कटेया थाने की पुलिस पकड़कर थाने ले गई। आरोप है कि उसकी हवालात में पिटाई की गई। जहां मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर लक्ष्मीपुर बुजुर्ग के सैकड़ों लोग कटेया थाने पहुंचे। जहां पुलिस की पिटाई से मौत का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस के खिलाफ आक्रोशित लोग देर रात तक थाने पर डटे रहे।
जानकारी के अनुसार कुशीनगर जिले के तमकुहीराज के लक्ष्मीपुर बुजुर्ग गांव निवासी पंकज कुशवाहा अपने गांव के राजन कुशवाहा के साथ पड़ोस के बिहार प्रांत के कटेया थाना क्षेत्र में अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। बताया जाता है कि इसी दौरान रास्ते में शराब चेकिंग में लगे कटेया थाने के पुलिसकर्मी दोनों को शराब तस्करी के आरोप में पकड़कर थाने ले गए। युवक की पत्नी लक्ष्मी देवी व ग्रामीणों का आरोप है कि हवालात में दोनों की पिटाई की गई। जिससे पंकज की हवालात में ही मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना पर आज रात में उसके गांव से सैकड़ों लोग कटेया थाने पर जा पहुंचे व दोषी पुलिकर्मियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े है।
पुलिस बोली चेकिंग में भागते समय हुआ था हादसा
इसके उलट कटेया थाना के प्रभारी छोटन कुमार का कहना है कि वाहन चेकिंग के दौरान दोनों युवक पुलिस के रोकने पर नहीं रुके व भागने लगे। इसी दौरान अनियंत्रित होकर दीवार से बाइक लेकर टकरा गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। इस संबंध में एसडीपीओ (सीओ) हथुआ अनुराग कुमार ने बताया कि मृतक युवक के परिजन हवालात में पिटाई से मौत होने का आरोप लगा रहे है। आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है। चेकिंग से भागने के दौरान दीवार में टकराने से ही युवक घायल हो गया था। जिसके कारण उसकी अस्पताल में मौत हो गई।