दमोदरी पुल के पास नहर में गिरी कार की सूचना पर जुटी लोगों की भीड़।संवाद
मनोज और गुड्डू के घर वालों ने साजिश का लगाया आरोप, जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला। पूरे दिन तलाश के बाद गंडक नदी में डूबे भीम सिंह का पता देर शाम तक नहीं चला। इससे गुड्डू और मनोज के घर वालों का संदेह गहरा गया है। हादसे को साजिश बताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि यदि उसी कार में भीम था तो वह कहां गया, अगर हादसे में शामिल था तो उसेे भी जिंदा या मुर्दा सामने आना चाहिए।
बंधवा गांव निवासी गुड्डू यादव और बभनौली खपरधिक्का गांव निवासी मनोज यादव की दामोदरी पुल के पास बृहस्पतिवार की रात हादसे में मौत हो गई। हादसे के दौरान कार में चार लोग सवार थे। भीम सिंह कार चला रहे थे। वह लापता हैं। जबकि सुबोध मणि का दावा है कि वह कार का शीशा तोड़कर पानी से बाहर निकल गए।
शुक्रवार को सुबह कार जब गंडक नदी से निकाली गई तो कार के अंदर मनोज और गुड्डू का शव था। लेकिन भीम का पता नहीं चला। कार की चालक सीट के पास का फाटक भी नहीं खुला था। आरोप है कि अगर हादसा हुआ है तो भीम का भी पता चलना चाहिए।
गुड्डू यादव की पत्नी नीरा देवी का आरोप है कि पति को गांव के ही सुबोध मणि शाम चार बजे घर से बुलाकर ले गए। हमने मना किया लेकिन वे माने नहीं। यह कैसा हादसा है कि जिसमें एक का पता नहीं चला, दूसरा बच गया और दो लोगों की मौत हो गई। भीम और सुबोध मणि शराब अधिक पीते थे। रात को भी शराब के नशे में भीम मनोज और गुड्डू को घर से ले गया। इस घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साजिश के तहत गुड़डू और मनोज की हत्या की गई है।
इस संबंध में रामकोला एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि भीम सिंह की तलाश की जा रही है। उनके पास चार मोबाइल नंबर हैं जो बंद बता रहे हैं।