कुशीनगर जिले के पकवा इनार निवासी आकाश सैनी का एशिया कप के लिए भारतीय डेफ क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। आकाश बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। वह बोलने और सुनने में असमर्थ हैं। इसके बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।
18 से 25 फरवरी के बीच भुवनेश्वर के बाराबती स्टेडियम में होने वाले इस टूर्नामेंट की मेजबानी भारतीय डेफ एसोसिएशन कर रहा है। यह टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। भारतीय टीम में प्रदेश से सिर्फ दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसमें लखनऊ के रहने वाले अमन रिजवी बतौर ऑलराउंडर टीम में शामिल हुए हैं।
आकाश के पिता ने बताया कि यह उपलब्धि उनके कठोर परिश्रम, अनुशासन और अदम्य इच्छा शक्ति का फल है। उसने लखनऊ स्थित डायमंड और वासुदेव क्रिकेट अकादमी से कोच युसूफ के कुशल मार्ग दर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
वर्तमान समय में आकाश प्रदेश की डेफ क्रिकेट टीम की ओर से उड़ीसा के भुवनेश्वर में आयोजित स्टेट लेवल वनड मैचों में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। आकाश के एशिया कप में खेलने के लिए चयन की सूचना मिलते ही जनपद सहित क्षेत्र वासियों और क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गयी।
प्रदेश के डेफ क्रिकेट संघ के जनरल सेक्रेटरी अशीष बाजपेयी, कोच युसूफ, सांसद विजय दूबे, कुशीनगर विधायक पीएन पाठक, पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल आदि ने आकाश को बधाई दी है।