पडरौना। कृषि विभाग की तरफ से जिले के किसानों को रबी की बुआई के लिए तिलहन का बीज निशुल्क वितरित किया जाएगा। इसके लिए शासन ने लक्ष्य दिया है। निर्धारित समय में बीज वितरण के लिए कृषि विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 12063 हेक्टेयर में राई/सरसों और 7194 हेक्टेयर में ताेरिया की बुआई की जानी है। किसानों को तिलहन में बेहतर उत्पादन के लिए के कृषि विभाग की तरफ से उन्नतिशील बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए कृषि विभाग को दो किलोग्राम के पैकेट में 98.56 क्विंटल राई/सरसों और पांच क्विंटल तोरिया का बीज मिल गया है। इस बीज को किसानों में निशुल्क वितरित किया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका ने बताया कि जिले के किसानों को सरसों और राई का बीज निशुल्क दिया जाएगा। इसके लिए कृषि विभाग के गोदाम में बीज उपलब्ध हो गया है। इसे किसानों में वितरण के लिए विभागीय योजना बनाई जा रही है। रबी की बुआई शुरू होने से पहले किसानों में पात्रता के अनुसार बीज वितरित करा दिया जाएगा।