संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर/मथौली बाजार। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बहुआस गांव की 19 साल की एक युवती ने थाने में पंचायत के बाद घर लौटकर फांसी लगाकर खुदकुशी की कोशिश की। इसकी जानकारी होने पर परिजन उसे मथौली बाजार स्थित सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि 19 वर्षीय इस युवती का अपने गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। उधर, एक अन्य युवती से भी प्रेम संबंध बनाए हुए था। वह युवती भी इसी गांव की है। कहा जा रहा है कि इस बात की जानकारी होने पर दोनों युवतियों के बीच शुक्रवार को जमकर मारपीट हुई। इसमें एक का सिर फट गया तो दूसरी भी घायल हो गई। मामला जब थाने पहुंचा तो पता चला कि युवक ने अपने ही गांव की एक युवती से पहले ही कोर्ट मैरिज किया था। उसके बाद 19 वर्षीय इस युवती से भी रिश्ता जोड़े हुए था। युवती को युवक से रिश्ता तोड़ने की परिजनों ने सलाह दी तो वह गुस्से में घर आई और गले में फांसी लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। फिलहाल युवती की हालत स्थिर है।
इस संबंध में कप्तानगंज थाने के एसओ राजकुमार बरवार का कहना है कि बहुआस में एक युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश करने की सूचना मिली है। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बारे में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
00000
रत्नेश मिश्र