गिरफ्तारी के डर से छत से कूदा, मौत
मथौली बाजार। कप्तानगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत फरदहां में शनिवार की रात एक व्यक्ति गिरफ्तारी के डर से छत से कूद गया। परिजन उसे मथौली बाजार स्थित सीएचसी में लेकर आए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि फरदहां गांव में पिछले कई दिनों से जर्जर तारों को बदलने की प्रक्रिया चल रही है। गांव के हरि कुशवाहा (58) के घर तक जाने वाले तार नहीं बदले जा रहे थे। इस पर हरि ने एक विद्युत कर्मी को पांच हजार रुपये देकर एक बंडल तार अपने घर ले जाकर रख दिया। इसे लेकर ठेकेदार ने डायल 112 की पुलिस को सूचना दे दी। जब पुलिस शनिवार की रात हरि के घर पहुंची तो वह गिरफ्तारी के डर से अपनी छत से कूद गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
कप्तानगंज के एसएचओ अनिल कुमार उपाध्याय ने बताया कि इस घटना के लिए वह व्यक्ति स्वयं जिम्मेदार है। पुलिस की कोई भूमिका नहीं है। फिर भी परिजन तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।