संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। जिले के राजकीय पॉलीटेक्निक मुजहना हाटा एवं एमएमआईटी पॉलीटेक्निक मंशाछापर की खाली सीटों के लिए अब स्पॉट राउंड प्रवेश काउंसिलिंग का आयोजन किया जाएगा।
इसके लिए 22 व 23 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की गई है। इस काउंसिलिंग में अभ्यर्थी सीधे संबंधित संस्थान में जाकर प्रवेश करा सकेंगे। इसके लिए उन्हें सभी आवश्यक दस्तावेज व शुल्क लेकर जाना होगा। पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य प्रेमचंद्र गुप्ता ने बताया कि राजकीय पॉलीटेक्निक मुजाहना हाटा में सिविल, इलेकिट्रकि एवं मेकेनिकल ब्रांच के तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग और एमएमआईटी मंशाछापर में कंप्यूटर, मेकेनिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सह इलेक्ट्रिकल ब्रांच के कुल तीन पाठ्यक्रमों में सातवें चरण की काउंसिलिंग के बाद खाली सीटों पर प्रवेश के लिए स्पॉट काउंसलिंग का आयोजन किया जा रहा है। इसमें संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की तरफ से आयोजित प्रवेश परीक्षा में शामिल ऐसे छात्र जिन्होंने अभी तक किसी भी पॉलिटेक्निक में प्रवेश नहीं लिया है, प्रवेश के लिए पात्र होंगे।
वर्तमान में किस पॉलिटेक्निक में कौन-कौन सी ब्रांच में कितनी सीट खाली हैं, इसकी सूचना संयुक्त प्रवेश परीक्षा की वेबसाइट पर 21 अक्तूबर को जारी की जाएगी।
इसके बाद 22 व 23 अक्तूबर को प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक संबंधित पॉलीटेक्निक में मूल शैक्षिक अभिलेख, दो-दो छायाप्रति, संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2024 का प्रवेश पत्र, प्रवेश परीक्षा का स्कोर कार्ड, दो फोटोग्राफ और आधार कार्ड की मूल प्रति तथा छाया प्रति लेकर उपस्थित होंगे। ा