=शांति कमेटी की बैठक में अफसरों ने दी हिदायत, मिश्रौली डोल मेले के दौरान सोहरौना गांव में जुलूस निकाले जाने को लेकर हो गया था विवाद
-बारावफात को सकुशल संपन्न कराने को लेकर बृहस्पतिवार को एएसपी रितेश सिंह ने की बैठक
-सोहरौना गांव के दोनों पक्षों के प्रधान समेत 200 लोगों को शांतिभंग की आशंका में किया गया पाबंद
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला। रामकोला थाना परिसर में बृहस्पतिवार को शांति कमेटी की बैठक हुई। इसमें एएसपी रितेश कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक प्रेम कुमार राय, सीओ कुंदन सिंह, एसडीएम योगेश्वर सिंह ने लोगों से आने वाले त्योहार को सकुशल व शांतिपूर्वक संपन्न कराने की बात कही। अफसरों ने हिदायत दी कि यदि किसी ने त्योहार के दौरान खलल डालने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोहरौना गांव में डोल जुलूस के दौरान हुए विवाद को देखते हुए पुलिस ने गांव के दोनों पक्षों के प्रधान समेत 200 लोगों को शांतिभंग की आशंका में पाबंद कर दिया है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मिश्रौली डोल मेले के दौरान सोहरौना गांव में जुलूस को लेकर विवाद हो गया था। प्रशासनिक अफसरों ने विवाद खत्म कराया। तभी से प्रशासन अलर्ट है और त्योहारों से पहले ही विवादों का निस्तारण किया जा रहा है। बैठक में एडीएम न्यायिक प्रेम कुमार राय ने कहा कि आने वाले त्योहार मिल जुलकर मनाएं। कुछ शरारती तत्व विवाद उत्पन्न करते हैं, जिससे पूरे गांव का अमनचैन खत्म हो जाता है।
एएसपी रितेश कुमार सिंह ने कहा कि कोई भी व्यक्ति शरारत करता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी। इस दौरान एसएचओ आनंद कुमार गुप्ता, दीवान हिमांशु सिंह, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश शुक्ल, लक्ष्मण सिंह, सभासद मोइनुद्दीन अली, सभासद प्रतिनिधि राजेश यादव, साहबजादा, मौलाना आबिद अली, याकूब सरोना, प्रधान समीर अहमद, महेंद्र वर्मा, प्रदीप वर्मा, कृष्णा सोनी, लेखपाल उमेश शाही, कानूनगो राकेश लाल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।