डकैती की झूठी सूचना देने वाली महिला पर होगी कार्रवाई
पडरौना। जटहां बाजार थाना क्षेत्र के पखनहा गांव के एकवनही खुर्द टोले पर शुक्रवार की देर रात डकैती की सूचना फर्जी निकली। पुलिस के अनुसार, महिला ने ननद से रुपये के लेनदेन के विवाद में लूटपाट की झूठी कहानी गढ़ी थी। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि जांच में हकीकत सामने आई है। महिला के खिलाफ पुलिस को झूठी सूचना देने के आरोप में कार्रवाई की जाएगी।
पखनहा गांव के एकवनही खुर्द टोले की पुनीता ने शुक्रवार की रात पुलिस को सूचना दी। उसने बताया कि वह बच्चों के साथ झोपड़ी के मकान में सो रही थी। रात करीब 11 बजे आठ की संख्या में बदमाश पहुंचे। उनमें चार बाहर खड़े रहे, जबकि चार भीतर घुस गए। उसे बंधक बनाकर बदमाशों ने घर में लूटपाट की। महिला के अनुसार, बदमाश 17 हजार रुपये, 15 साड़ी और गहने उठा ले गए। महिला की सूचना पर रात में ही एसपी धवल जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। महिला ने बताया कि वह सहज जनसेवा केंद्र से 14 अगस्त को 10 हजार रुपये निकालकर घर ले आई थी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि वर्ष 2018 में पुनीता ने अपनी सास रमावती के नाम से जमीन खरीदी, जिसका बैनामा कराने के लिए उसने अपनी ननद मीना से एक लाख 10 हजार रुपये का उधार लिए थे। उसमें से 37 हजार रुपये बाकी थे, जिसके लिए ननद झगड़ा करती थी। पुलिस के अनुसार, बकाया पैसा ननद को न लौटाने के लिए पुनीता ने शुक्रवार की रात खुद ही अपना हाथ-पैर बांधकर चिल्लाने लगी। बगल के मुकेश ने महिला का हाथ खोला था।
एसपी धवल जायसवाल ने कहा कि महिला का ननद से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद था। वह अपनी ननद को बाकी के 37 हजार रुपये नहीं लौटाना चाहती थी। इस वजह से लूटपाट की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस को झूठी सूचना देने के मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।