जानलेवा हमला करने का आरोप, कार्रवाई की मांग
उजारनाथ। पटहेरवा थाना क्षेत्र के नरहवा गांव के युवक ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शनिवार को आरएसएस की शाखा से वापस लौटते समय कुछ युवकों ने उस पर तलवार से हमला कर दिया था। घायल युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज से चल रहा है।
इस गांव के अंशु विश्वकर्मा ने तहरीर में बताया है कि वह आरएसएस के स्वयंसेवक हैं। वह गांव में ही आरएसएस की शाखा लगाते हैं। उनका आरोप है कि यह बात उनके गांव के कुछ लोगों ने अच्छी नहीं लगती थी। उन लोगों ने कई बार चेतावनी दी थी कि गांव में शाखा न लगाएं। उनकी बात न मानने पर कुछ लोगों ने तलवार से हमला कर दिया, जिससे अंशु गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के कुछ लोग उन्हें फाजिलनगर सीएचसी ले गए, लेकिन डॉक्टर ने हालत नियंत्रण से बाहर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एसओ अखिलेश कुमार सिंह का कहना है कि पहले एक ही वर्ग के दो युवकों के बीच मारपीट हुई थी। उसके बाद उनमें से एक युवक ने दूसरे वर्ग के युवक के साथ मिलकर अंशु विश्वकर्मा पर हमला कर दिया। आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।