कसया। कसया थाना क्षेत्र के बहोरापुर में नशे में धुत एक युवक ने बीते शुक्रवार को एक बुजुर्ग को डंडे से पीटकर मार डाला था। इस मामले में पुलिस केस दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश में जुटी थी। सोमवार को हत्यारोपी दुर्गेश निवासी बहोरापुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त लकड़ी के डंडे को आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद किया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर कसया गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। संवाद
0
छह पशु तस्करों पर गैंगस्टर की कार्रवाई
पडरौना। पटहेरवा पुलिस ने छह पशु तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इसमें चौराखास थाना क्षेत्र के बदुरांव निवासी गोलू उर्फ अमरजीत यादव, तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के छहूं निवासी गुड्डू यादव, बल्डीहा निवासी कुंदन यादव, चौराखास थाना क्षेत्र के लोहरवलिया निवासी कामेश्वर यादव, बदुरांव निवासी रामाशंकर उर्फ शंकर यादव व कसया थाना क्षेत्र के सपहा नौका टोला निवासी रामाकांत यादव के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। संवाद
0
दुष्कर्म के मामले में वांछित गिरफ्तार
पडरौना। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को दुष्कर्म के मामले में वांछित अजय कुशवाहा निवासी जंगल अमवा मटियरवा को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर सुशील कुमार शुक्ल ने बताया कि वांछित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संवाद
0
लातपा हुए दो मासूमों को पुलिस ने परिजनों को सौंपा
कसया। कसया पुलिस ने सोमवार को लापता हुए दो बच्चों को सकुशल बरामद कर उन्हें परिजनों को सुपुर्द कर दिया। थाना क्षेत्र के नौगांवा निवासी जैतुन निशा अपने चार वर्षीय पुत्र अदनान के साथ कसया आयी थी। अचानक सुबह 9.30 बजे वह गायब हो गया। वहीं, थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी सरिता चौहान का कहना था कि वह चार वर्षीय पुत्र चंद्रेश के साथ कसया गांधी चौक पर आईं थीं। इसी दौरान वह गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद दोनों बच्चों के परिजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इस सूचना के बाद पुलिसकर्मियों की टीम बच्चों की तलाश में जुट गई। दोनों बच्चों को अलग-अलग स्थानों से बरामद कर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। संवाद