कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र के नरायनपुर कोठी में छह जून को सराफा व्यवसायी की गला काटकर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बिहार के गोपालगंज जिले के भानपुर लोहरवलिया चौराहे के पास से पकड़ा गया।
गिरफ्तार हत्यारोपी ने बताया कि वह लूट और चोरी के आभूषण अक्सर व्यापारियों को बेचता था। छह जून को आभूषण बेचने के दौरान कम रकम देने पर हुए झगड़े के बाद उसने सराफा व्यवसायी जयराम वर्मा की हत्या कर दी थी।
एएसपी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि छह जून को नरायनपुर कोठी में सराफा व्यवसायी जयराम की गला काटकर हुई हत्या के मामले में पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज कर हत्यारे की तलाश में जुटी थी। पुलिस की जांच पड़ताल में राजन पांडेय निवासी तैतरिया थाना बिजयपुर जनपद गोपालगंज (बिहार) का नाम आया। उसकी तलाश में पुलिस जुटी थी कि शुक्रवार को गोपालगंज जिले के ही भानपुर लोहरवलिया चौराहे से 200 मीटर दक्षिण से उसे गिरफ्तार कर लिया।
उसके कब्जे से एक बाइक, 27 अंगूठी, 21 अदद बिछिया, 42 घुंघरू, एक मंगलसूत्र, चाकू सहित अन्य सामग्री बरामद हुई है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी धवल जायसवाल ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
इस हत्याकांड का खुलासा किए जाने के लिए व्यापारियों से लगायत कई संगठनों ने विरोध प्रदर्शन और बाजार बंद किया था। पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता धरना भी दिए थे। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में पटहेरवा थाने के एसओ अखिलेश कुमार सिंह, पडरौना के कोतवाल राज प्रकाश सिंह, स्वॉट टीम प्रभारी अमित शर्मा, हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश गौड़, सत्यनरायन राय, कांस्टेबल जयहिंद यादव, अजीत पटेल, एसआई मुबारक अली, कांस्टेबल रणजीत यादव, चंद्रशेखर यादव, शिवानंद सिंह, संदीप भास्कर, सचिन कुमार, राघवेंद्र सिंह, नरेंद्र यादव और मनोज कुमार यादव शामिल थे।