मंसाछापर। डुमरी गांव के पास मंगलवार की देर शाम लूट की सूचना से पुलिस तीन घंटे तक परेशान रही। जांच के दौरान पुलिस ने युवक की बाइक की डिकी से 30 हजार बरामद कर लिए। लूट की झूठी सूचना देने वाले युवक का पुलिस ने शांतिभंग में बुधवार को चालान कर दिया। पडरौना एसडीएम कोर्ट ने उसे 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।
जटहां बाजार थाना क्षेत्र के मठियां प्रसिद्ध तिवारी निवासी दृगपाल कुशवाहा की जमीन पड़रौना कोतवाली थाना क्षेत्र के जोगीछपरा गांव में है। दृगपाल ने अपनी जमीन दो लोगों को एक सप्ताह पहले बेची थी। एक बैनामादार कुछ रुपये बाकी लगा दिया था। बाकी रुपये का लेन-देन दृगपाल के बेटे के साले अजय कुशवाहा ने किया था। अजय कुशवाहा मंगलवार शाम पांच बजे रुदल गुप्ता के घर से तीस हजार रुपये लेकर गया। देर शाम को अपनी बहन के यहां सूचना दी कि छह बाइक सवार युवक मारपीट कर रुपये लूट ले गए। इसके बाद इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी को भी लूट की सूचना दी। मौके पर पहुंच कर युवक के बताए अनुसार पुलिस तीन घंटे तक परेशान रही। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो अजय कुशवाहा टूट गया और बताया कि रुपये चुराने के लिए उसने लूट की झूठी सूचना दी थी। रुपये बाइक की डिकी में ही हैं। सीओ अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि झूठी सूचना देने के आरोप में अजय का शांतिभंग में चालान किया गया। एसडीएम कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।