गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बरवा बभनौली गांव निवासी लोगों ने पुलिस पर मौलिक अधिकारों से वंचित रखने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले में मानवाधिकार आयोग, जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम व एसपी को शिकायती पत्र देकर विशुनपुरा व कुबेरस्थान एसओ पर डेलीगेट के चुनाव के दौरान वारंटी कहकर जबरन उठाए जाने और दो दिनों के बाद शांतिभंग की आशंका में चालान किए जाने का भी आरोप लगाया है।
बरवा बभनौली गांव निवासी सिंघासन, भिखारी व धनई केन यूनियन कठकुइयां में डेली गेट चुनाव के लिए लाइन में खड़े थे। आरोप है कि विपक्षियों के प्रभाव में आकर विशुनपुरा व कुबेरस्थान थाने की पुलिस ने तीनों को वारंटी बताकर मतदान करने से वंचित कर दिया। आरोप है कि पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर थाने चली गई, जिससे वे मतदान करने से चूक गए। दो दिनों तक पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। पीड़ितों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।