पडरौना। हाटा के बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में तीन माह पूर्व सेंध काटकर चोरी की कोशिश करने वाले युवक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। युवक के पास से बैंक का चेस्ट काटने वाली मशीन बरामद किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस को यह सफलता मिली है।
हाटा कोतवाली के नाउमुुंडा गांव निवासी देवर्षि पांडेय तीन माह पूर्व हाटा नगर के बैंक ऑफ बड़ौदा में सेंध काटकर चेस्ट को गैस कटर से काटने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। दूसरे दिन बैंक खुलने पर पर इसकी जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसी टीवी का फुटेज चेक किया। चोरी का प्रयास करने वाले युवक की पूरी हरकत कैद था। युवक को तभी से पुलिस ट्रेस करने लगी। तीन माह बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवक के पास से, लोहे की आरी, चार पेचकस, दो हथौड़ी, एक जैक, चोरी के करीब 72.70 ग्राम के आभूषण व सफेद धातु के करीब 184.4 ग्राम आभूषण, तिजोरी और बैंक का चेस्ट काटने का एक अदद आक्सीजन सिलिंडेर,मीटर रेगुलेटर, गैस कटिंग ब्लो पाइप, एक ब्यूटेन गैस का केन, दो नीले व लाल रंग के रबर पाइप, चार अदद ज्वाइंट क्लिप, एक वेल्डिंग पाइप ब्यूटेन गैस (ज्वाइंट करने केलिए) बरामद किए गए हैं।
एसपी ने संतोष कुमार मिश्रा ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी महाराणा प्रताप इंटर कालेज गोरखपुर से वर्ष 2019-20 में इंटर पास कर फीटर ट्रेड से आईटीआई की थी। इसके बाद आरोपी एक मल्टीनेशनल कंपनी में ठेकेदारी के बेस पर कार्य करने लगा। जिन आलमारियों पर एलार्म व सेंसर लगा रहता है, उसको भली-भांति देखकर उनके सिस्टम को समझ कर सेंध लगाकर गैस कटर से स्ट्रांग रूम की लोहे की चारदीवारी को काटने का प्रयास करता था।