आरोपी गिरफ्तार, छात्रा की सहेलियों की तलाश
रामकोला। थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा से दुष्कर्म कर उसका वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी युवक और छात्रा की सहेलियों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस, छात्रा की सहेलियों की तलाश कर रही है।
रामकोला थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 10वीं की नाबालिग छात्रा को उसकी सहेलियां दो माह पूर्व मेला दिखाने के बहाने ले गईं। आरोप है कि उसके बाद छात्रा को एक युवक के घर पर ले जाकर छोड़ दिया। छात्रा से युवक ने दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। आरोप है कि दस दिन पूर्व उस युवक ने वीडियो वायरल करते हुए छात्रा के परिजनों के मोबाइल पर भेजकर जानमाल की धमकी दी। इस मामले में छात्रा के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष नीरज कुमार राय ने बताया कि पीड़ित छात्रा के पिता के तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। इसमें शामिल छात्रा की दो सहेलियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।