दुदही। सेवरही क्षेत्र में अभिरक्षा से फरार हुए आरोपी को पुलिस ने बुधवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसको 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले में एसपी ने कार्य में लापरवाही बरतने, ठीक ढंग से ड्यूटी न करने के आरोप में सिपाही नीतेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।
मंगलवार को विशुनपुरा थाना क्षेत्र के लमकन निवासी अजय कुमार और जंगल लुअहठा के छोटू को पुलिस ने मारपीट के अलग-अलग मामलों में पकड़कर शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया। अजय ने गांव के लोगों से विवाद किया था, जबकि छोटू पर अपने घर में मारपीट का आरोप था। इन दोनों को अलग-अलग बाइक से बैठाकर सिपाही और होमगार्ड कर्मी, एसडीएम की कोर्ट में पेश करने के लिए तमकुहीराज ले जा रहे थे।
वे पडरौना-तमकुही मार्ग पर भगवानपुर गांव के समीप पहुंचे। तभी अजय ने लघुशंका करने की बात कही। सिपाही ने बाइक रोक दी। उसके बाद मौका देखकर छोटू गन्ने के खेत में भाग गया। काफी देर तक उसकी तलाश होती रही। बुधवार की सुबह छोटू के बारे में जानकारी मिली कि वह अपने घर पर है। पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके बाद उसे एसडीएम तमकुहीराज की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से वह 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया था। इस मामले में सिपाही नीतेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है।