पडरौना कोतवाली क्षेत्र के मनिकौरा गांव में आटा चक्की फटने से एक बच्चे की मौत और छह लोगों के घायल ह?
- फोटो : KUSHINAGAR
कुशीनगर जिले के रविवार की शाम पडरौना कोतवाली क्षेत्र के मनिकौरा गांव में आटा चक्की फट गई। चपेट में आए छह साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक बच्चे को जिला अस्पताल भेजवाया। घटना की सूचना पर कोतवाल पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे।
पडरौना के कोतवाल राज प्रकाश सिंह ने बताया कि मनिकौरा गांव निवासी मनी प्रसाद चार दिन पहले ही पुराना ट्रैक्टर और गेहूं व मसाला पीसने वाली मशीन खरीदकर लाए थे। रविवार की शाम को तकरीबन छह बजे उसका ट्रायल कर रहे थे। आस-पास बच्चे और अन्य लोग खड़े होकर देख रहे थे। जैसे ही आटा चक्की चालू हुई, तेज आवाज के साथ फट गई।
वहां मौजूद शंभू प्रसाद के छह वर्षीय पुत्र टुन्नू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गांव के ही संजय प्रसाद का दस वर्षीय पुत्र अंकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा रामवचन की 17 वर्षीय पुत्री नेहा, कमलेश का 18 वर्षीय पुत्र दीपक, 25 वर्षीय अंगीरा देवी, मंजीत का आठ वर्षीय पुत्र अनुराग और नंदलाल के पांच वर्षीय पुत्र आयुष को भी हल्की चोटें आई हैं।
घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। उसके बाद किसी ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने घायल अंकेश को जिला अस्पताल भेजवाया है।