रेलवे स्टेशन प्लेटफाॅर्म पर मिला अचेत, जिला अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। मां की डांट से नाराज बेटे ने चूहा मारने वाला जहर निगल लिया। प्लेटफाॅर्म पर युवक अचेत मिला। घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। युवक के आत्मघाती कदम उठाने से घरवालों की चिंता बढ़ गई है।
बड़हरा गांव निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद कैश अपनी ननिहाल पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खिरिया टोला में रहकर पढ़ाई करता है। शनिवार को सुबह युवक ने मां के पास फोन कर रविवार को घर आने की बात की। मां बोली कि घर मत आना। वहीं रहो, दो-तीन दिन में मुझे आना है। मां की यह बात बेटे को नागवार लगी। वह घर से निकला। बाजार से चूहा मारने का जहर खरीदा और रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर निगल लिया।
प्लेटफाॅर्म पर उसे छटपटाते देखकर एक रेलकर्मी ने युवक के नाना को जानकारी दी। घरवाले व रिश्तेदार पहुंचे और बेहोशी की हालत में लेकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराए। डॉ. दीन मोहम्मद ने बताया कि युवक का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर है।