राजस्थान के भिवाड़ी में पानी सप्लाई पाइप लाइन का कार्य करते थे
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कप्तानगंज थाना की ग्राम सभा बसहिया उर्फ कप्तानगंज के टोला बभनौली निवासी एक 25 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में भिवाड़ी में मौत हो गई। शुक्रवार को उनका शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गया। परिजन दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिए।
ग्राम सभा बसहिया उर्फ कप्तानगंज टोला बभनौली के 25 वर्षीय बबलू साहनी राजस्थान के भिवाड़ी में पानी सप्लाई पाइप लाइन का कार्य करते थे। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 1:30 बजे बाइक से दवा लेकर जा रहे थे। उसी दौरान वे एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गए। जब तक लोग उनके पास पहुंचते, उससे पहले ही घटनास्थल पर उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी भिवाड़ी में कार्य कर रहे अम्बरीश को हुई। उन्होंने इसकी परिजनों को दी। शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे बबलू का शव एंबुलेंस से उनके घर पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। दोपहर बाद परिजन उनका अंतिम संस्कार कर दिए।
करीब डेढ़ माह पहले गए थे कमाने
उनके पिता मोहन साहनी ने बताया कि दो पुत्रों में बबलू सबसे छोटा था। बड़ा बेटा धर्मदेव दूसरे शहर में मजदूरी करता है। बबलू अभी डेढ़ माह पहले भिवाड़ी गए थे। घर पर बबलू की पत्नी शिल्पा देवी, चार वर्षीय बेटी अनन्या, दो वर्ष का बेटा आयुष और आठ माह का पुत्र पीयूष रहते हैं। परिवार का भरण-पोषण बबलू के ही कंधे पर था। उनकी मौत की खबर सुनने के बाद ही मृतक की मां मरजादी देवी और पत्नी शिल्पा देवी रोते-रोते बेहोश हो जा रही थीं।