कर्नाटक के तरंगुल शहर में पाइप लाइन बिछाने का कार्य करता था कप्तानगंज क्षेत्र के गजरा निवासी युवक
पुणे के लिए ट्रेन पकड़ने के दौरान पैर फिसलने से चपेट में आ गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कप्तानगंज थाना क्षेत्र की ग्राम सभा गजरा निवासी 24 वर्षीय एक युवक कर्नाटक के तरंगुल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वह रेलवे स्टेशन पर पुणे जाने के लिए ट्रेन पकड़ने गया था। युवक की मौत की जानकारी होने पर परिवार में चीख-पुकार मची है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र की ग्रामसभा गजरा निवासी राजेंद्र सिंह का 24 वर्षीय पुत्र राहुल सिंह कर्नाटक के तरंगुल शहर में पाइप लाइन बिछाने का कार्य करते थे। बीते तीन जुलाई की रात करीब 11 बजे वह तरंगुल रेलवे स्टेशन से पुणे के लिए ट्रेन पकड़ने गए थे। ट्रेन पकड़ने के दौरान उनका पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ समय बाद घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना पर बुधवार को पहुंंचे परिजनों ने उनका तरंगुल में ही अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के पिता राजेंद्र सिंह ने बताया कि अभी वह 15 दिन पहले घर से तरंगुल गए थे। फोन पर एक दिन पहले बताया था कि यहां मेरा मन नहीं लग रहा है। अब मैं पुणे काम करने जाऊंगा। उसके बाद उनसे बात नहीं हुई।
राहुल के कंधे पर था परिवार के भरण-पोषण का जिम्मा
राजेंद्र सिंह के दो पुत्रों में राहुल बड़े थे। उनका छोटा पुत्र अनिकेत सिंह (17) इंटर का छात्र हैं। उन्होंने बताया कि वह छोटे पुत्र और पत्नी निर्मला देवी के साथ घर पर खेती का कार्य देखते हैं। पूरे परिवार के भरण-पोषण का जिम्मा राहुल के कंधे पर था।