सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। तरयासुजान क्षेत्र के सलेमगढ़ चौराह स्थित एक देसी शराब की दुकान के पास करीब 40 वर्षीय युवक अचेत अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची बहादुरपुर चौकी पुलिस उसे सीएचसी तमकुहीराज ले गई, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने देर शाम उसकी पहचान की। इसके बाद विधिक कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सलेमगढ़ देसी शराब भट्ठी के पास हरे रंग के चेकदार शर्ट, स्लेटी रंग की जींस पैंट पहने एक युवक को अचेत देखकर किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे बहादुर चौकी प्रभारी विनय कुमार मिश्र उसे तमकुहीराज सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक की शर्ट और पैंट की तलाशी ली तो उसमें मिले एक कागज पर एक मोबाइल नंबर मिला।
उस नबंर पर फोन कर पुलिस ने जानकारी ली तो शव की पहचान राजेश सिंह निवासी ग्राम परसौनी थाना चकियां, पूर्वी चंपारण बिहार के रूप में हुई। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि वह अपना घर मोतिहारी बता रहा था। तीन-दिन से यहीं रहकर शराब पी रहा था। चौकी प्रभारी ने बताया प्रथमदृष्टया शराब अधिक पीने से युवक की मौत होनी प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण के बारे में पता चल सकेगा।