संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला/लक्ष्मीगंज। सोमवार की शाम रामकोला थाना क्षेत्र के पगार चिलवान गांव में रेलवे लाइन के पास 25 वर्षीय एक युवक का शव बगीचे में पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि शाम को ग्रामीणों ने बगीचे में पेड़ से युवक का शव फंदे से लटका होने पर शोर मचाया। कुछ देर में वहां भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतारी। उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश की गई, लेकिन कोई पहचान नहीं पाया। उसके पास कोई ऐसा कागजात या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान की जा सके।
रामकोला के प्रभारी थानाध्यक्ष एसपी राय ने बताया कि अज्ञात युवक का शव पगार चिलवान में रेलवे लाइन के पास एक बगीचे में पेड़ से लटका मिला है। शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई, लेकिन कोई नहीं पहचान पाया तो पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।