मंसाछापर। जटहां बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की देर रात प्रेम प्रसंग का मामला उस समय हंगामे में बदल गया जब एक युवक चोरी-छिपे अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर में घुस गया। परिजनों ने युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी प्रियांशु राय पुलिस के साथ मौके पर आए और युवक को हिरासत में ले लिया। लोगो का कहना था कि महिला शादीशुदा है, और उसका प्रेमी बाहर से केवल उससे मिलने पहुंच गया था। चौकी प्रभारी मंसाछापर प्रियांशु राय ने बताया कि युवक को शांति भंग के आरोप में चालान किया गया है।