- देवरिया जिले में देवरिया धूस के पास हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटा बाज़ार। जीजा को छोड़कर बाइक से घर आ रहा बाइक सवार एक युवक सोमवार की रात करीब नौ बजे रोलर से टकरा गया। गंभीर चोटें आने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाया था। घटना के बाद से उसके घर में चीख-पुकार मच गई है।
बताया जा रहा है कि चौराखास थाना क्षेत्र के शेरपुर बड़हरा गांव के निवासी रामचंद्र कुशवाहा के 25 वर्षीय पुत्र प्रभुदयाल कुशवाहा सोमवार की शाम करीब पांच बजे अपने जीजा चंद्रकेश कुशवाहा को छोड़ने के लिए देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र के बसंतपुर धूसी गांव में गए थे। उधर से वापस लौटते समय देवरिया धूस गांव के पास सड़क के किनारे खड़े रोलर से टकरा गए। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर परिजन पहुंचे और आनन फानन में पथरदेवा सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने प्रभुदयाल को मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर अस्पताल में मौजूद परिजन विलाप करने लगे। बताया जा रहा है कि प्रभुदयाल की अभी दो साल पहले शादी हुई थी। उनकी दिव्या नाम की एक वर्ष की एक बच्ची है तथा उनकी पत्नी गर्भवती हैं। परिवार में प्रभुदयाल ही सबसे बड़े लड़के थे और एकमात्र कमाऊ सदस्य थे।