संवाद न्यूज एजेंसी गुरवलिया बाजार। पटहेरवा थानाक्षेत्र के पगरा बसंतपुर स्थित एक डीह की जमीन पर कब्जा करने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने महिला को एंबुलेंस से तमकुही सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शुक्रवार की दोपहर पगरा बसंतपुर गांव के डीह की जमीन पर गांव के कुछ लोग कब्जा करने पहुंचे। गांव की रिंकी ने लोगों का विरोध कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को जबरन कब्जा न करने के निर्देश देते हुए वापस चली गई। पुलिस के जाने के बाद आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। मारपीट के दौरान महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते वह अचेत होकर जमीन पर गिर गई। मौजूद लोगों ने घायल महिला को एंबुलेंस से सीएचसी तमकुहीराज भेजवाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस संबंध में एसओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि इस गांव में मारपीट की सूचना मिली है। पुलिस टीम भेजी गई है।