जौरा बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के जोकवा बाजार ओवरब्रिज से पुलिस ने सोमवार की भोर में एक ट्रक से अवैध शीशम व सागौन की लकड़ी बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। लकड़ी गोरखपुर से बिहार भेजी जा रही थी। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों तस्करों के मुख्य सरगना के बारे में पूछताछ कर रही है। बरामद लकड़ी की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
एसओ संजय कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की भोर में सूचना मिली कि एक ट्रक गोरखपुर से अवैध लकड़ी लेकर बिहार जा रहा है। इस सूचना के बाद पुलिस टीम ने जोकवा बाजार ओवरब्रिज पर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी बीच आए एक ट्रक को रोक पुलिसकर्मियों ने तलाशी ली तो उसमें से शीशम व सागौन की लकड़ी के बोटे मिले। पुलिस टीम ने चालक व खलासी को हिरासत में ले लिया। इनकी पहचान राजेश चौधरी और राम धनी यादव निवासी बगहा गांधी नगर पश्चिमी चंपारन के रूप में हुई है।
दोनों के पास लकड़ी का कोई कागजात नहीं पाया गया। पूछताछ में उन दोनों ने बताया कि यह लकड़ी गोरखपुर से बिहार भेजी जा रही है। इसका असली सरगना कोई दूसरा है, जो बाहर से लकड़ी मंगाकर बॉर्डर के रास्ते बिहार भेजता है। एसओ ने बताया कि पकड़ी गई लकड़ी अवैध है। अभी ट्रक से लकड़ी को उतरवाकर इसकी गिनती कराई जा रही है। पकड़े गए दोनों तस्करों से पूछताछ की जा रही है।