तमकुहीरोड (कुशीनगर)। बनरहा रेग्युलेटर के पास रविवार की रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार कार ने तीन युवकों को रौंद दिया। दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। सेवरही थाने की पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सेवरही थाना क्षेत्र के सरगटिया करनपट्टी निवासी 24 वर्षीय गुलाब तिवारी पुत्र बच्चा तिवारी, बड़हरिया थाना बड़हरिया जिला सिवान (बिहार) निवासी 25 वर्षीय विकास तिवारी पुत्र सुरेंद्र तिवारी और गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र के उसका चौराहा निवासी 27 वर्षीय मदन तिवारी पुत्र दीनानाथ तिवारी रविवार की रात करीब 11 बजे बनरहा रेग्युलेटर के पास सड़क के किनारे बाइक खड़ी कर आपस में बातें कर रहे थे। इसी बीच सेवरही की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने तीनों को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक कार को लेकर भगाने लगा। करीब दो सौ मीटर आगे कार ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। चालक कार छोड़कर भाग गया।
उधर, कार की चपेट में आए गुलाब तिवारी और विकास तिवारी पुत्र सुरेंद्र तिवारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मदन तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भिजवाया। डॉक्टर ने उनकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी होने पर मृतक युवकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। वहां चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया और क्षतिग्रस्त कार को सेवरही पुलिस चौकी पर भेज दिया।
बताया जाता है कि गुलाब तिवारी अपने पीछे पत्नी के अलावा तीन बेटियों को छोड़ गए है। विकास तिवारी के दो बेटे हैं। लोगों का कहना था कि दोनों परिवार गरीब हैं। दोनों की मौत से उनके परिवार के भरण-पोषण पर संकट खड़ा हो गया है। इस संबंध में एसएचओ दिग्विजय नारायण राय का कहना है कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।