खड्डा। थाना क्षेत्र के जखिनिया गांव में गुरुवार देर शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव के ही एक मनबढ़ युवक ने मामूली विवाद में एक अधेड़ की गर्दन पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। खून से लथपथ अधेड़ को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देख कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जखिनिया गांव निवासी पारस (55) पुत्र सुखल गुरुवार की शाम गांव के चौराहे से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव का ही प्रहलाद गुप्ता नशे की हालत में उन्हें रोककर गाली-गलौज करने लगा। पारस के विरोध करने पर आरोपी बेकाबू हो गया और चाकू निकालकर गर्दन पर वार कर दिया। हमले से पारस लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुर्कहा सीएचसी पहुंचाया।