संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। दिल्ली से बिहार की मुजफ्फरपुर जा रही लग्जरी बस में सवार एक यात्री की अज्ञात कारणों से मौत हो गई। मृतक की पहले से तबीयत ख़राब बताई जा रही है। मंगलवार की दोपहर लग्जरी बस तमकुहीराज थाना क्षेत्र के एनएच स्थित मंझरिया स्थिति एक होटल के पास चाय-नाश्ता के लिए रुकी। वहीं पर सहयात्रियों ने यात्री के मौत की जानकारी दी। घटना की जानकारी पर पहुंची तमकुहीराज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी है।
बिहार के पूर्वी चम्पारण के थाना कल्याणपुर के गांव मनानपुर निवासी सहदेव पासवान के पुत्र कुमोद पासवान (40) दिल्ली से सोमवार रात बस से गांव आ रहे थे। मंगलवार की दोपहर तमकुहीराज थाना क्षेत्र के एनएच स्थित मंझरिया के पास एक होटल के पास बस चाय नाश्ता करने के लिए रुकी। वहां यात्री नीचे उतरे, लेकिन कुमोद नीचे नहीं उतरे, उनके सहयात्रियों को लगा कि वह सो रहे हैं। कुछ देर बाद बस में मौजूद सहयात्रियों ने उन्हें जगाया तो अचेत दिखे।
सूचना पर पहुंची तमकुहीराज पुलिस ने कुमोद को मृत पाया। मृतक की तबीयत बिगड़ने के बाद रास्ते में भी किसी चिकित्सक से परामर्श लिया गया था। परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है। जानकारी होने पर पहुंचे मृतक के भाई संजय पासवान ने बताया छोटे भाई कुमोद ने तबीयत ख़राब होने की सूचना दी थी। वह घर आ रहे थे। वह दिल्ली में एक नर्सरी में काम करते थे। इनके दो बच्चे पलक (15) और राजा( 8) है जो बेसहारा हो गए। इस संबंध में तमकुहीराज एसएचओ नीरज कुमार राय ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अनियंत्रित कार पलटी, कोई हताहत नहीं
पडरौना। तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ स्थित एक पेट्रोल पंप के पास एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। मौजूद लोगों ने कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकाला। गनीमत रहा कि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी।
बिजार के मुजफ्फर पुरि निवासी रंजन सिंह, और गोपालगंज निवासी गोलू ओझा मंगलवार की शाम बिहार जा रहे थे। अभी वे सलेमगढ़ चौराह पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गए। मौजूद लोगों ने कार सवार दोनों लोगों को बाहर निकला। उन्हें हलकी चोटें आई थीं। इस संबंध में चौकी प्रभारी बहादुरपुर विनय कुमार मिश्रा ने बताया कार को टोल प्लाजा से क्रेन मंगा कर बाहर निकाला गया। घायलों का प्राथमिक उपचार कराया। सभी ठीक हैं। संवाद