-दुपट्टे से कसा था गला, चेहरे पर था चोट का निशान
- साथ की युवतियों को पुलिस ने लिया हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
दुदही। पड़ोस के घर टीवी देखने गई युवती की लाश केले के खेत में बृहस्पतिवार को मिलने से सनसनी फैल गई। उसका गला दुपट्टे से कसा गया था और चेहरे पर चोट का निशान था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ की युवतियों और किशोरियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीय युवती देर रात घर से पड़ोसी के घर टीवी देखने गई थी। इसकी जानकारी घर वालों को नहीं थी। सुबह नींद खुली तो घर वाले युवती की तलाश करने लगे। खेत की तरफ शौच करने गए गांव वालों ने युवती का शव घर से करीब 200 मीटर दूर देखने के बाद शोर मचाया तो लोगोंं की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती के परिजनों और गांव वालों से घटना की जानकारी ली। कुछ देर बाद फाॅरेंसिक टीम भी पहुंच गई और मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पड़ोस की कुछ लड़कियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जो युवती की करीबी बताई जा रही हैं। पुलिस ने युवती के परिवार के लोगों का मोबाइल नंबर नोट किया और इसकी मदद से कातिलों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। हालांकि घर वाले भी गांव के कुछ लोगों पर दबी जुबान में आरोप लगा रहे हैं।
युवती की मां की तहरीर पर अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के पर्दाफाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी।
-धवल जायसवाल, एसपी