खड्डा। बैंक से पैसा निकालकर साइकिल से घर जा रहे बुजुर्ग के चेहरे पर केमिकल लगा टप्पेबाज 38 हजार रुपये छीनकर फरार हो गये। पुलिस सीसीटीवी के सहारे छानबीन करने में जुटी हुई है। खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम मठिया बुजुर्ग निवासी समसुद्दीन अंसारी अपनी पुत्री की शादी के लिए खड्डा के बैंक से मंगलवार को 38 हजार रुपये निकालकर साइकिल से घर लौट रहे थे। समसुद्दीन ने बताया कि जैसे ही महारणा प्रताप चौक के आगे पहुंचे वैसे ही एक व्यक्ति जो बिहार की भाषा बोल रहा था, वह आया और रोककर बातचीत में उलझाते हुए अपनी बेटी की तबीयत खराब होने की बात कहकर बताया कि बेटी बीमारी के कारण चेहरे पर ऐसे हाथ से रगड़ रही है। इसे बताते हुए टप्पेबाज ने समसुद्दीन के चेहरे पर भी हाथ फेर दिया। वह हाथ में कोई केमिकल लगाया था। इस कारण समसुद्दीन कुछ अस्वस्थ हो गया। इसके बाद एक बाइक सवार पहुंचा और समसुद्दीन को डांटते हुए कहा कि तुम्हारे पास कितना है, निकालो और समसुद्दीन ने पैसा निकाल कर दिखाया। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दे दी है, पुलिस सीसीटीवी के सहारे झपट्टेबाजों की तलाश में जुटी हुई है।