तरयासुजान थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को 18 साल के युवक ने मिठाई का लालच देकर चार साल की मासूम से दुष्कर्म किया। ग्रामीणों ने आरोपी गढ़हिया पाठक निवासी दीपक उर्फ भोला को पकड़कर जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। बच्ची की हालत गंभीर है और अस्पताल में जिंदगी के लिए जूझ रही है।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, तरयासुजान थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय बच्ची रविवार को घर से कुछ दूर खेल रही थी। इसी बीच गढ़हिया पाठक निवासी दीपक उर्फ भोला उधर से गुजरा। बच्ची को अकेला देख उसे मिठाई देने का लालच देकर अपने साथ ले गया और एक खेत में उसके साथ दुष्कर्म किया, जिससे बच्ची की हालत बिगड़ गई।
बच्ची को उसी हालत में छोड़कर आरोपी वहां से भाग निकला। कुछ देर बाद बच्ची को होश आया तो किसी तरह वह घर पहुंची। इस मामले में सीओ तमकुहीराज राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी दीपक उर्फ भोला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।