पडरौना। आईजीआरएस (जनसुनवाई) पोर्टल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुशीनगर पुलिस ने लगातार दूसरी बार प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर शुक्रवार को डीआईजी एस. चन्नप्पा और एसपी केशव कुमार ने जनपदीय आईजीआरएस सेल टीम तथा विभिन्न थानों में तैनात आईजीआरएस सेल कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। आईजीआरएस पोर्टल पर समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण शिकायत निस्तारण को लेकर कुशीनगर पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी सफलता है। सम्मान समारोह के दौरान डीआईजी ने कहा कि कुशीनगर पुलिस की टीम ने शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के माध्यम से जनता का विश्वास और अधिक मजबूत किया है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और तत्परता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।