कसया। थानाक्षेत्र के ग्राम बरवा जंगल गांव के अभिनायकपुर गांव में शनिवार की रात चाकू से गोदकर चचेरे भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने एक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। रविवार को सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कसया थानाक्षेत्र के बरवा जंगल के अभिनायकपुर टोला पर शनिवार को भरत और उसके चचेरे भाई सोनू और मिंटू किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा कर रहे थे। इसी बीच सोनू के पिता जंगी बीचबचाव करने लगे तो भरत नाराज होकर उन्हें थप्पड़ मार दिया। यह बात सोनू और मंटू को काफी नागवार लगी। दोनों ने मिलकर भरत की पिटाई की और चाकू से गोदकर उसे मरणासन्न कर दिया। परिवार के लोग भरत को गंभीर हालत में सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने सोनू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।