कुशीनगर। रविवार को कुशीनगर के मेलों के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया। उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज के परिसर में ‘अमर उजाला’ के विराट किसान मेले की शुरुआत हुई तो किसानों को खेती के नए तौर-तरीकों को जानने की नई राहें नजर आईं। बात किसानों तक ही सीमित नहीं थी। मेले में अलग-अलग स्टॉल पर मौजूद उत्पाद और जानकारियां आम लोगों को भी लुभा रही थीं। जानकारियां हासिल करने और जिज्ञासाएं शांत करने के मकसद से तमाम छात्र-छात्राएं भी मेला परिसर तक पहुंचे। किशोर और युवा वर्ग को इस दौरान जहां ज्ञान का खजाना बढ़ाने का असर मिला, वहीं उद्घाटन मंच से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मेले के बीच जारी रहीं रचनात्मक गतिविधियों ने उन्हें अपने टेलेंट के प्रदर्शन का मौका भी दिया। यही वजह रही कि पहले ही दिन विराट किसान मेला हर आम और खास के आकर्षण का केंद्र बन गया। उद्घाटन के मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों, अफसरों और प्रगतिशील किसानों ने इस मेले को सार्थकता के नजरिए से नया अध्याय बताया।