कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पकड़ियार बाजार में शुक्रवार की सुबह दो पक्षों के बीच जमीन संबंधी विवाद को लेकर मारपीट हो गई। इसमें 10 लोग घायल हो गए, जिनका इलाज सीएचसी कोटवां में चल रहा है। इस गांव के बेचन शर्मा व चंद्रभूषण शर्मा के बीच जमीन संबंधी पुराना विवाद है। 10 वर्ष पहले पंचायत हुई थी, जिसमें इस जमीन पर दीवार बनवाकर सुलह समझौता करवा दिया गया। कुछ दिन से फिर इसी जमीन को लेकर दोनों पक्ष में विवाद होने लगा। शुक्रवार को चंद्रभूषण शर्मा पक्ष के लोग वहां ईंट रख रहे थे, जिसका बेचन शर्मा के पक्ष के लोगों ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष के लोगों के बीच मारपीट होने लगी। देखते ही देखते मारपीट के दौरान ईंट-पत्थर भी चलने लगे। मारपीट में चंद्रभूषण शर्मा (50), विशाल (15), आदित्य (13), शनि (17), पुष्कर (12), संजय (25), मनोज (30), विनोद (40), टीमल (6) आदि घायल हो गए। इस मामले की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवां भेजा। इस संबंध में एसओ नेबुआ नौरंगिया राजेश सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी हुई है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।