कठकुइयां (कुशीनगर)। गुजरात से घर लौट रहे 20 वर्षीय एक युवक की ट्रेन से गिर जाने के कारण मौत हो गई। वह युवक कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सेमरा हर्दो गांव का निवासी था। शुक्रवार को युवक के मौत की सूचना आते ही उसके घर में मातम छा गया। सेमरा हर्दो गांव के बेलवा टोला निवासी झोटिल यादव का 20 वर्षीय पुत्र व्यास छह माह पहले गुजरात के जामनगर में गया था। व्यास वहां की एक निजी कंपनी में वेल्डर का काम करता था। दीपावली अपने परिवार के साथ मनाने के लिए बुधवार को गुजरात से वह घर के लिए चला। ट्रेन से आते समय उसी दिन मध्य प्रदेश के वार्डनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिर गया। ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिससे बुधवार को ही की मौत हो गई। उसकी जेब में मिली आईडी से घर का पता मालूम हुआ और जीआरपी ने शुक्रवार को व्यास के घरवालों को सूचना दी। तब से उसके परिवारीजनों का रो रोकर बुरा हाल है। व्यास ही अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था।