पडरौना (कुशीनगर)। जिले में सक्रिय मनबढ़ों के 71-71 लाला गैंग के गुर्गाें ने वाहन चेकिंग के दौरान सोमवार को पुलिस टीम पर फायरिंग की दी। इसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद उन्होंने बाइक सवार युवकों को दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में गैंग का भंडाफोड़ हुआ। इसमें शामिल 12 मनबढ़ों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से बाइक, तमंचा बरामद किया गया है। इस गैंग में शामिल बाकी की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। हाटा कोतवाली क्षेत्र के करमहानगर (पिपरा कपूर) निवासी गोरख बरनवाल को 71-71 लाला गैंग के गुर्गाें ने धमकी दिया था। इस मामले में छह लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि सोमवार को पुलिस टीम हाटा कोतवाली के भगत कट के पूरब चकनरायनपुर प्राथमिक विद्यालय के सामने वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बाइक पर तीन लोग कसया की तरफ से आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। युवकों ने पुलिस पर गोली चला दी, लेकिन बाल-बाल पुलिसकर्मी बच गए। इसके बाद अरबाज अली निवासी महुई थाना कोतवाली हाटा, जुबेर अहमद उर्फ जुबेर लाला निवासी पिपरा कपूर थाना कोतवाली हाटा, अफरोज खान निवासी परसौना खुर्द थाना रामकोला को दबोच लिया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने गैंग के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से तीन तमंचा, एक बाइक और दस मोबाइल बरामद किया गया। आरोपी गैंग बनाकर सोशल मीडिया अकाउंट पर अवैध असलहा, धारदार हथियार लहराने के साथ-साथ भड़काऊ पोस्ट वॉयरल करते थे और लोगों को धमकाते थे।