संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। शासन के निर्देश पर बुधवार को बीईओ और जिला समन्वयकों की टीम लगाकर पडरौना, सुकरौली और कसया ब्लॉक के 91 परिषदीय विद्यालयों की जांच की गई। इसमें सात शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। इनका मानदेय बाधित करते हुए उन्हें नोटिस देकर जवाब तलब किया गया है। इसके अलावा जांच के दौरान स्कूल में विभिन्न कमियां मिलने पर 12 प्रधानाध्यापकों को नोटिस दिया गया है।
बीएसए डॉ. राम जियावन माैर्या ने बताया कि शासन के निर्देश पर बुधवार को बीईओ और जिला समन्वयकों की टीम ने पडरौना ब्लॉक के छह, सुकरौली ब्लॉक के पांच और कसया ब्लॉक के 80 समेत कुल 91 परिषदीय विद्यालयों की जांच की। इसमें विभिन्न विद्यालयों में सात शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित शिक्षा मित्रों का एक दिन का मानदेय बाधित कर उनसे अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान विभिन्न विद्यालयों में कमियां मिलीं। इसको गंभीरता से लेते हुए 12 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। बीएसए ने बताया कि प्रधानाध्यापक और शिक्षामित्रों की तरफ से मिले स्पष्टीकरण के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।