पति-पत्नी के खाते से निकाले 55 हजार
पटहेरवा थानाक्षेत्र का निवासी है ठगी का शिकार व्यक्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
उजारनाथ। पटहेरवा थानाक्षेत्र के गांव चकिया (मोहनपुर) निवासी एक व्यक्ति और उसके पत्नी के खाते से साइबर ठगों ने 55 हजार रुपये निकाल लिए हैं। मोबाइल पर एसएमएस आने पर पीड़ित ने बैंक से छानबीन की तो खाते से धनराशि गोरखपुर के किसी एटीएम से निकालने की जानकारी मिली। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस गांव के निवासी दिनेश यादव की तरफ से पुलिस को दिए गए तहरीर में बताया गया है कि उनका और उनकी पत्नी का खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में है। दोनों खातों पर एटीएम की सुविधा है। दोनों एटीएम कार्ड उनके पास ही हैं। लेकिन सोमवार की शाम उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके खाते से 26400 और उनके पत्नी के खाते से 28500 समेत कुल 55000 हजार रुपये तीन बार में निकासी हुई है। पीड़ित ने मंगलवार को बैंक पहुंच कर शाखा प्रबंधक से पूछताछ की तो पता चला कि गोरखपुर के एटीएम से इस धनराशि की निकासी की गई है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पटहेरवा एसओ सुनील सिंह ने बुधवार को बताया कि पीड़ित की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।