पडरौना। विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 450 शिक्षक शिक्षक दिवस पर सम्मानित किए जाएंगे। उनका सम्मान बीआरसी सभागार में बीईओ करेंगे। इसके बाद ब्लॉक के दो-दो उत्कृष्ट शिक्षकों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए बाद में तिथि घोषित की जाएगी।
बृहस्पतिवार को जिले में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए बीएसए ने सभी बीईओ और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है। इसके अलावा ब्लॉक स्तर पर प्रत्येक ब्लॉक के 30-30 समेत कुल 450 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए बीएसए ने सभी बीईओ को निर्देश दिए हैं। बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्या ने बताया कि शिक्षक दिवस पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ब्लॉक के 30-30 शिक्षक और जिला मुख्यालय पर प्रत्येक ब्लॉक से दो-दो शिक्षकों को सम्मानित करने की योजना शिक्षा विभाग की तरफ से बनाई गई थी। बृहस्पतिवार को शिक्षक दिवस पर गोरखपुर में कार्यक्रम आयोजित है। इसके लिए जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम को बाद में आयोजित किया जाएगा। लेकिन ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाला सम्मान समारोह बीईओ की मौजूदगी में होंगे। सभी बीईओ अपने-अपने ब्लॉक के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 30-30 शिक्षकों को सम्मानित करेंगे।