रहसू बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र जोकवा बाजार में पीएनबी बैंक के एटीएम से एक व्यक्ति का कार्ड बदल कर जालसाजों ने खाते से 40 हजार रुपये दूसरे व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर किया। पीड़ित के मोबाइल पर मैसेज आने के बाद जालसाजी की जानकारी हुई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया है और बैंक के शाखा प्रबंधक से भी इसकी शिकायती की है।
चौराखास थाना क्षेत्र के गांव माधोपुर निवासी मनोज यादव बुधवार को सुबह 9.30 बजे जोकवा बाजार पीएनबी बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। उन्होंने जैसे एटीएम में अपना कार्ड डाला पीछे से युवक आ गया और बटन दबा दिया। मनोज का कार्ड मशीन से निकल गया। मनोज अपना कार्ड लेने के लिए हाथ बढ़ाया तो युवक ने उनका कार्ड लेने के बाद वापस किया। इसी दौरान जालसाज युवक ने कार्ड बदल दिया। लेकिन, मनोज समझ नहीं पाए। कुछ देर बाद मनोज के बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर 39,999 रुपये निकलने का मैसेज आ गया। वह बैंक पहुंचे। जांच के बाद शाखा प्रबंधक ने बताया कि सन्नी चौहान नाम के एक व्यक्ति के खाते में रकम ट्रांसफर की गई है। बैंक खाते को मनोज ने लाॅक करवा दिया है। मनोज ने मधुरिया पुलिस चौकी पुलिस को तहरीर दी है। एएसपी रितेश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिली होगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।