बिजली न मिलने से परेशान लोगों ने आपूर्ति ठीक कराने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। उमस भरी गर्मी में बिजली के फाॅल्ट से लोग परेशान हैं। हालत यह है कि बीते 15 दिनों में उपभोक्ताओं को महज तीन दिन बिजली ही मिली है। इससे लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। नाराज लोगों ने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति कराने की मांग की है।
करीब दो सप्ताह पहले क्षेत्र में आई तेज आंधी से 11 हजार हाईटेंशन बिजली का तार और पोल टूट कर गिर गया। इससे क्षेत्र के कई गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जानकारी होने पर बिजली निगम के कर्मचारियों ने तार जोड़ा, लेकिन कुछ देर बाद बाजार में लगा केबल जल गया, जिससे फिर बिजली गायब हो गई। बिजली कर्मचारियों ने दोबारा बनाया। उसी दिन शाम को गांव का ट्रांसफाॅर्मर जल गया। इसके स्थान पर नया ट्रांसफाॅर्मर लगा, लेकिन बार-बार केबल जल जा रहा है। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो जा रही है।
बाजार के लोगों ने बताया कि बिजली नहीं होने से घर में इन्वर्टर समेत अन्य बिजली उपकरणों ने काम करना बंद कर दिया है। क्षेत्र के सक्षम लोग और व्यापारी तो जेनरेटर चलाकर किसी तरह अपना कार्य निपटा ले रहे हैं, लेकिन अन्य लोगों को अंधेरे में ही रात गुजारनी पड़ रही है।
हल्की आंधी या बारिश होने पर क्षेत्र के कई गांव में बिजली गुल हो जाती है। इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित होने के साथ व्यापारियों के व्यापार पर भी इसका असर पड़ता है।
- वीरेंद्र सिंह, अध्यक्ष, व्यापार मंडल
बिजली के बिना कोई काम नहीं हो पा रहा है। घर में लगे इन्वर्टर, मोबाइल चार्ज के अभाव में बंद हैं। बिजली के अभाव में ओवरहेड टैंक से पानी की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है।
- राम अवध वर्मा, व्यापारी
विद्युत निगम के अधिकारियों के मनमानी रवैये से बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है । इसका सीधे असर कारोबार पर पड़ रहा है। बिजली की आपूर्ति जल्द शुरू होनी चाहिए।
- झुनेंद्र सिंह, निवासी, रहसू बाजार
उमस भरी गर्मी में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ऐमें बार-बार फाॅल्ट होने से बिजली सप्लाई बंद हो जा रही है। इससे क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- महेंद्र जायसवाल, व्यापारी
कोट
फाॅल्ट को शाम तक सही करा दिया जाएगा। निगम के पास संसाधन और बिजली के पास कर्मचारियों की कमी है। इसके कारण लोगों को बिजली की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
- संदीप मिश्र, जेई विद्युत उपकेंद्र फाजिलनगर