खड्डा। नेपाल से कुशीनगर के रास्ते गोरखपुर 35 किलो चरस लेकर जा रहे तस्कर को बगहा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गोरखपुर तक पहुंचाने के बाद चरस नेपाल भेजी जानी थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क में शामिल लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस के हाथ लगी है।
जिले से सटे बिहार के बगहा एसपी सुशांत कुमार सरोज ने मंगलवार को बताया कि मादक पदार्थ की खेप नेपाल से लाकर बगहा होते हुए कुशीनगर के रास्ते गोरखपुर लेकर जाने की सूचना मिली। बेतिया से गोरखपुर जाने वाली प्राइवेट बस राज ट्रेवल्स को शक के आधार पर पुलिस ने धनहा थाना क्षेत्र के रतवल चेक पोस्ट पर रोककर तलाशी शुरू की। बस में सवार एक युवक के पास से चरस का पैकेट मिला। वह शरीर में चरस का पैकेट लपेटकर ऊपर से जैकेट पहना था और साथ में रखे दो पिट्ठू बैग में भी चरस भरा था। पुलिस ने तस्कर की पहचान रितेश पटेल ग्राम बेहरा थाना सिकटा पश्चिमी चंपारण बिहार के रूप में की। बरामद चरस की तौल हुई तो वजन करीब 35 किलो हुआ। एसपी ने बताया कि तस्कर से पूछताछ में पता चला है कि चरस की खेप गोरखपुर में सप्लाई होनी थी। साथ ही नेपाल, बिहार और यूपी में सक्रिय मादक तस्करी के सिंडिकेट से जुड़े कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। तस्कर के खिलाफ धनहा थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।